Ranchi: एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें डूरंड कप 2026 को लेकर राजधानी रांची में खेल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित होने वाले मुकाबलों के लिए बुधवार से दर्शकों के बीच नि:शुल्क ‘जीरो टिकट’ का वितरण शुरू कर दिया गया। 26 जुलाई से शुरू होने वाले टूर्नामेंट के लिए पहले ही दिन टिकट काउंटरों पर फुटबॉल प्रेमियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
राज्य सरकार ने सभी मैचों के लिए दर्शकों के नि:शुल्क प्रवेश की व्यवस्था की है। हालांकि स्टेडियम में प्रवेश के लिए ‘जीरो टिकट’ अनिवार्य होगा। खेल विभाग और भारतीय सेना की ओर से टिकट वितरण के लिए कुल 12 काउंटर बनाए गए हैं, ताकि दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
टिकट वितरण के लिए गेट नंबर-11 से 13 के बीच 10 काउंटर और गेट नंबर-23 के पास दो अतिरिक्त काउंटर संचालित किए जा रहे हैं। टिकट सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक वितरित किए जा रहे हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अधिकतम चार टिकट दिए जा रहे हैं और टिकट प्राप्त करने के लिए वैध पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य किया गया है।
टिकट लेने पहुंचे फुटबॉल प्रेमियों ने व्यवस्थाओं की सराहना की। उनका कहना है कि कई काउंटर बनाए जाने से भीड़ के बावजूद टिकट लेने में अधिक परेशानी नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि नि:शुल्क टिकट मिलने से बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम पहुंचकर मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे। दर्शकों का मानना है कि झारखंड में क्रिकेट के साथ-साथ फुटबॉल के प्रति भी लोगों का जुनून लगातार बढ़ रहा है।
फुटबॉल प्रेमियों ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में झारखंड खेलों का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है। हॉकी, तीरंदाजी और एथलेटिक्स की तरह अब फुटबॉल को भी नई पहचान मिल रही है। उनका मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में डूरंड कप जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक साबित होगा।
खेल निदेशक छवि रंजन ने बताया कि टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, टिकट वितरण, चिकित्सा सुविधाएं, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। उन्होंने राज्यवासियों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
डूरंड कप 2026 का उद्घाटन मुकाबला 26 जुलाई को शाम 5 बजे बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेला जाएगा। यह आयोजन केवल एक फुटबॉल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि झारखंड की खेल संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। फ्री ‘जीरो टिकट’ की व्यवस्था के चलते हर वर्ग के लोगों को विश्वस्तरीय फुटबॉल मुकाबलों का रोमांच देखने का अवसर मिलेगा।


