Deoghar: बाबा नगरी देवघर के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से देवघर नगर निगम ने केंद्र सरकार के समक्ष विशेष वित्तीय सहायता की मांग रखी है। रविवार को नई दिल्ली में देवघर के मेयर रवि राउत ने केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर शहर के विकास के लिए विशेष पैकेज उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान मेयर रवि राउत ने केंद्रीय मंत्री को बाबा बैद्यनाथ धाम की पहचान माने जाने वाले शिवलिंग का आकर्षक फोटो फ्रेम भेंट किया। इसके साथ ही उन्होंने देवघर शहर की प्रमुख समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं से मंत्री को विस्तार से अवगत कराया।
मेयर ने बैठक में शहर में लंबे समय से बनी हुई पेयजल संकट, जलापूर्ति व्यवस्था, सीवरेज सिस्टम, जलजमाव, ट्रैफिक प्रबंधन, ठोस कचरा निस्तारण और शहर के सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने केंद्र प्रायोजित योजनाओं की लंबित राशि जल्द जारी करने की भी मांग की, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।
रवि राउत ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि देवघर देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ धाम की नगरी है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। वहीं श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ऐसे में शहर के बुनियादी ढांचे को राष्ट्रीय स्तर के धार्मिक पर्यटन केंद्र के अनुरूप विकसित करना बेहद आवश्यक है।
मेयर ने कहा कि यदि देवघर को विशेष वित्तीय पैकेज मिलता है, तो शहर की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक शहरी सेवाओं और सौंदर्यीकरण के कार्यों को नई गति मिलेगी। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ यहां आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
बैठक के दौरान रवि राउत ने केंद्रीय मंत्री को श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर निगम श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छता, पेयजल, यातायात और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रहा है।
गौरतलब है कि 19 जुलाई को ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर के 11 सदस्यीय उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की थी। इस प्रतिनिधिमंडल में देवघर के मेयर रवि राउत भी शामिल थे। अब शहरवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि इस मुलाकात के बाद देवघर को केंद्र सरकार से विकास कार्यों के लिए क्या नई सौगात मिलती है।


