Breaking News

‘छात्रों की गूंज’ अभियान के जरिए शिक्षा व्यवस्था पर कांग्रेस का केंद्र सरकार पर निशाना, झारखंड में आंदोलन होगा तेज

Ranchi: झारखंड कांग्रेस ने शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। रविवार को रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के झारखंड संयोजक कुमार राजा ने अभियान की रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। नेताओं ने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्यभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, परीक्षा संबंधी अनियमितताओं और छात्रों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है। झारखंड में भी इसके तहत कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और छात्र संगठनों के बीच लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उनका कहना है कि छात्र वर्षों तक कठिन मेहनत और आर्थिक चुनौतियों के बीच परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से परीक्षा प्रणाली पर छात्रों का भरोसा कमजोर हुआ है।

पार्टी ने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग करते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाना चाहिए। कांग्रेस ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) सहित परीक्षा आयोजित करने वाली संस्थाओं की जिम्मेदारी तय करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। साथ ही शिक्षा व्यवस्था को निजीकरण और वैचारिक हस्तक्षेप से मुक्त रखने तथा सभी छात्रों को समान अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

‘छात्रों की गूंज’ अभियान के झारखंड संयोजक कुमार राजा ने बताया कि अभियान के तहत संविधान संवाद, स्टूडेंट मैराथन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बड़ी संख्या में छात्र-युवाओं को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा तथा अंतिम चरण में दिल्ली में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल विरोध प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि छात्रों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना और परीक्षा प्रणाली में आवश्यक सुधार सुनिश्चित कराना है। उनका दावा है कि पार्टी छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाती रहेगी।

प्रेस वार्ता के दौरान कुमार राजा ने कहा कि कांग्रेस की तीन प्रमुख मांगें हैं—पेपर लीक मुक्त परीक्षा व्यवस्था, सभी प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाए तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि झारखंड में अभियान के तहत लगातार जनसंपर्क किया जा रहा है और आगे भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों की आवाज को बुलंद किया जाएगा।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post