Breaking News

हवाई फायरिंग का विरोध पड़ा भारी, दोस्त की गोली मारकर हत्या करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार


Ranchi : रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र में हुई रविंद्र मुंडा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के बाद से फरार चल रहे विकाश मुंडा उर्फ लेटी मुंडा को पुलिस ने दबोच लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई एक देसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि 9 जुलाई 2026 को मधुपुर अखड़ा के पास रविंद्र मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में बेड़ो थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया था।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी विकाश मुंडा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग करना चाहता था। इसी दौरान उसके दोस्त रविंद्र मुंडा ने उसे ऐसा करने से रोका, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया।

पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में अपने ही दोस्त रविंद्र मुंडा पर गोली चला दी। गोली लगने से रविंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। मामूली कहासुनी के चलते दोस्त द्वारा दोस्त की हत्या किए जाने की इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी थी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विकाश मुंडा का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बेड़ो थाना में पहले से दुष्कर्म (पॉक्सो) और हत्या जैसे गंभीर मामलों में भी केस दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है।

ग्रामीण एसपी ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपी, विकाश महतो और विजय मुंडा, को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त देसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वहीं, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल पहले ही जब्त की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post