Ranchi : झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने चतरा दौरे के दौरान राज्य सरकार पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए झूठे मामलों में भाजपा कार्यकर्ताओं को फंसा रही है, जिसे पार्टी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।
चतरा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान आदित्य साहू ने भाजयुमो के प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीनिवास और भाजपा जिला मीडिया प्रभारी काली यादव की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए। उन्होंने दोनों नेताओं की बिना शर्त रिहाई की मांग करते हुए कहा कि सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी कर रही है और विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उनका आरोप था कि झारखंड में अवैध खनन, हत्या, लूट, बलात्कार और अपहरण जैसी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जबकि सरकार अपराध पर नियंत्रण करने के बजाय राजनीतिक विरोधियों को परेशान करने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है और आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।
आदित्य साहू ने घोषणा की कि भाजपा चतरा और आसपास के इलाकों में अवैध खनन तथा कोयला परिवहन के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन चलाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चरणबद्ध अभियान चलाकर सरकार को जवाबदेह बनाएगी।
चतरा दौरे के दौरान आदित्य साहू और सांसद कालीचरण सिंह ने जेल में बंद भाजपा नेताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और संगठन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों नेताओं ने सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले सीआरपीएफ जवान लक्ष्मण यादव के पैतृक गांव पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की।
इससे पहले गिद्धौर प्रखंड के बलबल स्थित मां बागेश्वरी मंदिर परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आदित्य साहू का जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ और मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान सिमरिया विधायक उज्ज्वल दास, चतरा सांसद कालीचरण सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने दोहराया कि यदि राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई नहीं रुकी और अवैध खनन जैसे मुद्दों पर सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो भाजपा राज्यभर में आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।



