Jamshedpur: जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु हत्याकांड की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) को बड़ी सफलता मिली है। लगातार छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी पर मुख्य आरोपियों को घटना के बाद छिपाने और फरार कराने में सहयोग करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 की रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन बार के पास हुए जानलेवा हमले के बाद एसआईटी तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई कर रही थी। इसी क्रम में राघवेंद्र कुमार और गणेश मछुआ को गिरफ्तार किया गया।
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि इस मामले में अब तक कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी लगातार जारी है।
गिरफ्तार आरोपी गणेश मछुआ की निशानदेही पर पुलिस ने घटना के बाद आरोपियों के भागने और छिपने में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी भी बरामद की है। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह वाहन अपराध के बाद आरोपियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में उपयोग किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गणेश मछुआ ने मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा, राहुल दुबे और राघवेंद्र कुमार को घटना के बाद छिपाने और फरार कराने में अहम भूमिका निभाई थी। इस आधार पर उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ने बताया कि गणेश मछुआ का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में शराब की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़े मामले में जेल जा चुका है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक संबंधों की भी जांच कर रही है।
पूर्वी सिंहभूम पुलिस की एसआईटी का कहना है कि हिमांशु हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए अभियान जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।


