Ranchi : रांची के मोरहाबादी स्थित प्राइम पार्क के पास वाहन जांच के दौरान पुलिसकर्मी को टक्कर मारकर फरार हुए थार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी भी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे लालपुर थाना की पेट्रोलिंग टीम मोरहाबादी प्राइम पार्क के पास नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक काले रंग की थार संदिग्ध स्थिति में दिखाई दी। वाहन पर ब्लैक फिल्म लगी थी, आगे का शीशा क्षतिग्रस्त था और पीछे का नंबर प्लेट मिट्टी से ढंका हुआ था, जिससे उसकी पहचान छिपाने की कोशिश की गई थी।
जब पुलिस ने थार चालक को रोककर जांच करने का प्रयास किया तो उसने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। भागने की कोशिश के दौरान चालक ने पेट्रोलिंग वाहन के चालक पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में घायल पुलिसकर्मी के सिर में गंभीर चोट आई और उन्हें पांच टांके लगाने पड़े। इलाज के बाद उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर उसकी पहचान की और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी विश्राम उरांव (38), निवासी बरियातू, को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त थार वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
रांची पुलिस ने इस घटना के बाद आम नागरिकों से वाहन जांच अभियान में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की जांच लोगों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए नियमित रूप से की जाती है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच से बचने, पुलिस पर हमला करने या सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


