Breaking News

दुमका में ब्राउन शुगर तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, तीन तस्कर गिरफ्तार, 4.49 ग्राम मादक पदार्थ बरामद


Dumka : दुमका जिले की हंसडीहा थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 4.49 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जरमुंडी के एसडीपीओ नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी दल ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि पगवारा पहाड़ के पास कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने के साथ-साथ उसका सेवन भी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

पुलिस को देखते ही तीनों युवक भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मुन्ताज अंसारी उर्फ लखपतिया के पास 1.91 ग्राम, रिजवान अंसारी के पास 1.34 ग्राम और फिरोज अंसारी उर्फ ठेउआ के पास 1.24 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। तीनों आरोपी हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिंघनी गांव के निवासी हैं।

एसडीपीओ नवल किशोर सिंह ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुट गई है।

पुलिस के अनुसार, बीते एक महीने में नशे के कारोबार के खिलाफ यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इस अवधि में कुल आठ तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो ब्राउन शुगर की तस्करी और बिक्री में शामिल थे। लगातार हो रही कार्रवाई से इलाके में सक्रिय नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही नशे के नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशे के कारोबार या मादक पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post