Breaking News

चाईबासा में ब्राउन शुगर तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश, अलग-अलग छापेमारी में छह तस्कर गिरफ्तार


Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। चक्रधरपुर और चाईबासा में अलग-अलग छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ब्राउन शुगर, गांजा, नकदी और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के पुराना बस्ती इलाके में ब्राउन शुगर की बिक्री की सूचना मिलने पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शेखर सुमन साहू और शुभम वर्मण को गिरफ्तार किया। तलाशी में शेखर के पास से 40 पुड़िया (करीब 11.1 ग्राम) और शुभम के पास से 10 पुड़िया (करीब 2 ग्राम) ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसी दौरान नशीला पदार्थ खरीदने पहुंचे आशीफ शेख उर्फ बंगला को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की, जिससे आरोपी जमशेदपुर से ब्राउन शुगर लाए थे।

इसके बाद पुलिस ने पोर्टरखोली इलाके में दूसरी छापेमारी की। यहां से अभिषेक प्रामाणिक उर्फ अंडा और मुकेश राम रवि उर्फ बम्बा को गिरफ्तार किया गया। अभिषेक के पास से 24 पुड़िया (करीब 3.5 ग्राम) और मुकेश के पास से एक पुड़िया (करीब 0.15 ग्राम) ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन आरोपियों को भी मादक पदार्थ की आपूर्ति जमशेदपुर से की जाती थी।

इधर, सदर अनुमंडल क्षेत्र में एसोसिएशन ग्राउंड के पास एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने सुरेश कुमार यादव को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 70 पुड़िया ब्राउन शुगर, पांच गांजा मिश्रित सिगरेट और 6,500 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी मूल रूप से ग्वाला पट्टी का निवासी है और पुलहातु में किराये के मकान में रहकर कथित रूप से नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहा था।

एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में गांजा, ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने बताया कि इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post