Dhanbad : धनबाद पुलिस ने फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वासेपुर स्थित उसके घर पर न्यायालय के आदेश के तहत कुर्की-जब्ती अभियान शुरू किया। पुलिस जेसीबी मशीन और भारी सुरक्षा बल के साथ मौके पर पहुंची तथा भवन को खाली कराते हुए कार्रवाई शुरू की। इस बीच निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने आरोप लगाया है कि उन्हें प्रिंस खान की ओर से रंगदारी मांगने के साथ जान से मारने की धमकी दी गई है।
विधायक अरूप चटर्जी का कहना है कि उन्हें मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल, ऑडियो कॉल और मैसेज के माध्यम से धमकियां मिलीं। उन्होंने बताया कि रंगदारी नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और धनबाद के एसएसपी को लिखित जानकारी देकर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है।
अरूप चटर्जी ने कहा कि वे इस तरह की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने इस प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की भी मांग की, ताकि धमकी देने वालों और उनके नेटवर्क का खुलासा हो सके।
उधर, धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि विधायक की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
इसी क्रम में कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए धनबाद पुलिस ने सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रिंस खान के वासेपुर स्थित घर पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम जेसीबी मशीन और आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची तथा भवन को खाली कराते हुए आगे की कार्रवाई की।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि संबंधित भवन काफी जर्जर अवस्था में था और आसपास बच्चों की आवाजाही रहती थी। उन्होंने कहा कि भवन का निर्माण भी स्वीकृत मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। सुरक्षा कारणों और न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए जेसीबी की सहायता से कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। न्यायालय के निर्देशानुसार कुर्की-जब्ती सहित अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


