Breaking News

रामगढ़ पुलिस का डिजिटल वार: 1971 अपराधियों की प्रोफाइल तैयार, निगरानी के लिए बनी विशेष विंग

Ramgarh : अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रामगढ़ पुलिस ने जिले में पहली बार अपराधियों की ‘डिजिटल कुंडली’ तैयार करने की पहल की है। इसके तहत गंभीर मामलों में आरोप-पत्रित अपराधियों का विस्तृत डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया गया है। साथ ही उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के लिए 36 सदस्यीय क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन विंग (CP&DW) का गठन किया गया है। पुलिस ने इसके लिए एक अत्याधुनिक डिजिटल क्रिमिनल मॉनिटरिंग पोर्टल भी विकसित किया है।

पुलिस के अनुसार, इस पोर्टल में 1 जनवरी 2021 से 31 मार्च 2026 के बीच हत्या, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, रंगदारी, डकैती, लूट, चोरी, वाहन चोरी, गृहभेदन और उत्पाद अधिनियम जैसे मामलों में आरोप-पत्रित 1,971 अपराधियों का डिजिटल डेटा दर्ज किया गया है। इनमें 1,374 अपराधी रामगढ़ जिले, 458 अन्य जिलों और 139 अन्य राज्यों से संबंधित हैं।

रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि पोर्टल में अपराधियों का आपराधिक इतिहास, वर्तमान पता, भौतिक सत्यापन, आपराधिक गतिविधियां और अपराध करने के तरीके (मोडस ऑपरेंडी) जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां सुरक्षित रखी जाएंगी। इससे किसी भी वारदात के बाद संदिग्ध अपराधियों तक तेजी से पहुंचने और अपराध के पैटर्न का विश्लेषण करने में पुलिस को आसानी होगी।

विशेष रूप से गठित क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन विंग में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मुख्यालय डीएसपी, सभी पुलिस निरीक्षक, थाना एवं ओपी प्रभारी तथा प्रत्येक थाना से नामित नोडल अधिकारी शामिल किए गए हैं। यह पूरी टीम पुलिस अधीक्षक के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में कार्य करेगी और समय-समय पर अपराधियों का भौतिक सत्यापन कर उनकी डिजिटल प्रोफाइल अपडेट करेगी।

पुलिस का मानना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से थानों के बीच समन्वय बेहतर होगा और अपराधों की जांच तथा उद्भेदन की प्रक्रिया तेज होगी। इसके अलावा जेल से जमानत पर बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर भी प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी, जिससे दोबारा अपराध करने की संभावनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने सभी पुलिस अधिकारियों को जरूरत पड़ने पर अपराधियों का डोजियर तैयार करने, निगरानी प्रस्ताव भेजने, जमानत निरस्त कराने की कार्रवाई करने और अन्य कानूनी उपाय अपनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि अपराध या अपराधियों से जुड़ी किसी भी सूचना को बिना डर पुलिस तक पहुंचाएं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

रामगढ़ पुलिस की यह डिजिटल पहल अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। आधुनिक तकनीक की मदद से अपराधियों की सतत निगरानी, त्वरित जांच और बेहतर पुलिसिंग के जरिए जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,