Breaking News

कसमार के किसान गणेश ने श्रमदान से खोद दिया कुआं, डीसी ने सोलर पंप लगाने का दिया निर्देश

Bokaro : जिले के कसमार प्रखंड के बगदा गांव के किसान गणेश महतो उर्फ गिरधारी ने अपनी मेहनत और आत्मनिर्भरता से ऐसा उदाहरण पेश किया है, जिसकी अब पूरे जिले में चर्चा हो रही है। सिंचाई के लिए पानी की समस्या से परेशान किसान ने सरकारी मदद का इंतजार करने के बजाय खुद श्रमदान कर कुआं खोदना शुरू कर दिया और काफी हद तक निर्माण कार्य पूरा भी कर लिया।

किसान की इस मेहनत की जानकारी मिलने के बाद बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा सोमवार को खुद उनके घर पहुंचे और अर्धनिर्मित कुएं का निरीक्षण किया। डीसी ने किसान के जज्बे की सराहना करते हुए अधिकारियों को कुएं का निर्माण पूरा कराने और वहां सोलर पंप लगाने की दिशा में तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

कुएं का निर्माण जल्द पूरा कराने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कसमार के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को निर्देश दिया कि कुएं के शेष निर्माण कार्य का प्राक्कलन तैयार कर जिला कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पूरी कर जल्द से जल्द कुएं का निर्माण पूरा कराया जाएगा, ताकि किसान को सिंचाई के लिए स्थायी सुविधा मिल सके।

इसके साथ ही डीसी ने कुएं पर सोलर पंप लगाने का भी निर्देश दिया, जिससे गणेश महतो अपनी खेती को बेहतर तरीके से कर सकें और पानी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

किसान के स्वास्थ्य जांच का भी निर्देश

कई दिनों तक लगातार खुद कुआं खोदने के कठिन कार्य में जुटे गणेश महतो की मेहनत को देखते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि किसान की मेहनत के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है।

सरकारी योजना के लिए नहीं किया था आवेदन

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि गणेश महतो ने सिंचाई कूप निर्माण के लिए प्रखंड या अंचल कार्यालय में कोई आवेदन नहीं दिया था। आसपास के कुओं से पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण उन्होंने खुद ही कुआं खोदने का निर्णय लिया।

सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत से कुएं का बड़ा हिस्सा तैयार कर लिया। उनकी इसी लगन ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

सरकारी परिसंपत्तियों का लाभ सभी को मिले

उपायुक्त अजय नाथ झा ने पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि गांव में सरकारी योजनाओं से बनी परिसंपत्तियों का लाभ जरूरतमंद लोगों को भी मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य केवल किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे समाज के हित में होता है।

उन्होंने गांव में आपसी सहयोग और सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की।

गणेश महतो को सम्मानित करने की तैयारी

डीसी ने कहा कि गणेश महतो का साहस, आत्मविश्वास और मेहनत समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसान को प्रखंड और जिला स्तर पर सम्मानित करने की प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि अन्य लोग भी उनसे प्रेरणा ले सकें।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ नम्रता जोशी, अंचल अधिकारी नागेंद्र सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित जिला और प्रखंड प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि गणेश महतो की सिंचाई समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा और कुएं को उपयोगी संसाधन के रूप में विकसित किया जाएगा।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,